पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद पर संगोष्ठी का आयोजन

रतलाम जिले के सैलाना में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् के तत्वावधान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर “पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन,विचारों एवं एकात्म मानववाद”विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन,उनके विचारों,आदर्शों एवं राष्ट्र तथा समाज के प्रति योगदान से उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को परिचित कराना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ गया। उपस्थित अतिथियों ने उनके जीवन और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
संगोष्ठी में मुख्य अतिथि जिला योजना समिति सदस्य भूपेन्द्र जायसवाल एवं कृषि मंडी व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष इन्द्रेश चन्डालीया रहे।

अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, सामाजिक एवं वैचारिक योगदान तथा एकात्म मानववाद के सिद्धांत पर विचार व्यक्त किए।
मुख्य अतिथि इंद्रेश चंडालिया ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, समाज कल्याण एवं जनहित के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अंत्योदय के सिद्धांत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना जनकल्याण की महत्वपूर्ण भावना है। उन्होंने समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
भूपेन्द्र जायसवाल ने एकात्म मानववाद के सिद्धांत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास की कल्पना की थी। उन्होंने युवाओं से सामाजिक समरसता,नैतिक मूल्यों एवं सेवा भावना को मजबूत करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विकासखंड समन्वयक रतनलाल चरपोटा ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् की गतिविधियों एवं ग्राम विकास में जनभागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों एवं सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राओं से समाज सेवा और जनजागरूकता के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
इस अवसर पर नवांकुर संस्था अध्यक्ष सचिन कहार ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज भी सामाजिक एकता, सहयोग एवं सेवा की भावना को प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन विक्रम कुमार शर्मा ने किया व आभार भागीरथ रूरल अवेयरनेस थिंकर्स फाउंडेशन अध्यक्ष हरीश सिलावट ने व्यक्त किया। इस अवसर पर दिनेश कुमार गेहलोत, पवन पारगी, योगेश तंवर एवं प्रतिज्ञा गुर्जर सहित सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
संगोष्ठी के अंत में उपस्थित प्रतिभागियों ने समाज सेवा, जनकल्याण एवं ग्राम विकास के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। अंत में उपस्थित छात्र छात्राओं ने स्वच्छता अभियान के तहत कॉलेज परिसर की साफ सफाई भी की।







