कचरा जलाने की बात पर पड़ोसी से विवाद में मारपीट के बाद पुलिस के आने की खबर से घबराए युवक द्वारा कीटनाशक का सेवन कर लेने से हड़कंप मचा गंभीर हालत में रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर

रतलाम जिले के सैलाना थाना क्षेत्र के धामनोद चौकी अंतर्गत ग्राम खेड़ी में बीती कचरा जलाने की बात पर पड़ोसी से विवाद के बाद पुलिस के पहुंचने की बात सुनकर घबराए युवक ने अपने घर में रखी कीटनाशक दवा का सेवन किये जाने से हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में उसे डायल-112 की मदद से सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम खेड़ी निवासी कारू पिता कचरू भील का अपने पड़ोसी प्रेमचंद्र पिता देवराम निनामा से कचरा जलाने की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराते हुए पुलिस को सूचना देने के लिए डायल-112 पर कॉल किया। पुलिस को बुलाए जाने की जानकारी मिलने के बाद कारू घबरा गया और घर में रखी कीटनाशक दवाई गटक ली।
तब युवक को तत्काल सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉ शैलेष डांगे ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

मारपीट के मामले में पड़ोसी प्रेमचंद्र ने थाने पहुंचकर कारू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।







