आईपीएस लेखराज मीना के इरादे मजबूत
आम जनता का भरोसा जितना पहली प्राथमिकता

रतलाम जिले के सैलाना पुलिस अनुविभाग में पहली बार आईपीएस अधिकारी के रूप में नियुक्त एसडीओपी लेखराज मीना ने स्थानीय प्रेस क्लब परिवार की अनौपचारिक मुलाकात में बताया कि पुलिस भी समाज का ही एक हिस्सा है आमजन के मन में पुलिस के प्रति विश्वास बना रहे,असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है।

मीना ने कहा कि प्रेस और पुलिस के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध बने रहें तथा जनहित में मीडिया का पुलिस को सहयोग मिलता रहे, यह भी हमारी प्राथमिकता में शामिल है।
सैलाना पुलिस अनुविभाग की स्थापना को करीब तीस वर्ष से अधिक समय हो चुका है लेकिन अब तक यहां पुलिस अनुविभागीय अधिकारी के पद पर किसी आईपीएस अधिकारी की नियुक्ति नहीं हुई थी। आमतौर पर राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी ही यहां एसडीओपी पद पर पदस्थ रहे हैं। जिले में जावरा के बाद सैलाना में आईपीएस अधिकारी के रूप में पदस्थ होने वाले पहले अधिकारी हैं।
शुक्रवार को प्रेस क्लब परिवार ने नवागत एसडीओपी लेखराज मीना से शिष्टाचार मुलाकात के दौरान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा यातायात सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा में एसडीओपी लेखराज मीना ने कहा कि
चोरियों पर अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था में सुधार, रंगदारी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक और आमजन को अपनी शिकायत लेकर निडर होकर पुलिस तक पहुंचने का माहौल बनाने के प्रयास किए जाएंगे। असामाजिक तत्वों में पुलिस का भय रहे, जबकि आमजन पुलिस को मित्र के रूप में महसूस करे, इसी दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पुलिस अमले को निर्देश दिए गए हैं कि रात्रि गश्त के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए। छोटी से छोटी चोरी की घटना को भी गंभीरता से लिया जाएगा। मुखबिर तंत्र को और मजबूत किया जाएगा तथा सूचीबद्ध चोरों और बदमाशों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।
यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। ओवरलोडिंग वाहनों की रोकथाम के लिए कार्रवाई शुरू की जा चुकी है।
मीडिया कर्मियों ने लंबी दूरी की बसों द्वारा यात्रियों को सैलाना शहर से दूर बायपास पर उतारने से होने वाली परेशानी से भी अवगत कराया। मीना ने इस संबंध में शीघ्र ही एसडीएम से समन्वय कर समस्या के समाधान का प्रयास करने का आश्वासन दिया। तेज गति से दोपहिया वाहन चलाने वाले बालिग एवं नाबालिग चालकों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई का अभियान चलाने की बात कही।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष सुरेश मालवीय, संरक्षक वीरेंद्र त्रिवेदी, विमल मांडोत, परामर्शदाता संतोष धाभाई, सचिव विमल कटारिया, उपाध्यक्ष कैलाश परिहार, संजय शर्मा, मनोज भंडारी, सुनील परिहार, नितेश राठौड़, कृष्णा राठौड़, धर्मेंद्र मालवीय, निखिल माहेश्वरी सहित प्रेस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।







