मप्र की जन्नत कहा जाने वाला पिकनिक स्थल
पैराडाइज वैली में दर्दनाक हादसे ने दो शिक्षकों और एक छात्र को मौत की नींद सुला दिया

रतलाम जिला मुख्यालय से करीब 13 किलोमीटर दूर सागौद रोड से
धोलावाड बांध के पीछे सांवलिया रुडी क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध पैराडाइज वैली में आज रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया।पिकनिक मनाने आए दो शिक्षकों और 15 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया।बताया जाता है कि घटना में तीन बच्चों को बचा लिया गया।

जानकारी के अनुसार, जावरा स्थित एक निजी स्कूल के चार शिक्षक और 13 विद्यार्थियों सहित कुल 17 लोगों का एक दल रविवार को पिकनिक मनाने के लिए मप्र का जन्नत कहे जाने वाले इस पैराडाइज वैली का आनंद लेने गये थे यहां सभी लोग झरने के नीचे बने पानी से भरे कुंड में नहा रहे थे तभी कुछ बच्चे पानी में डूबने लगे। बताया जा रहा है कि 5 और 16 वर्ष आयु वर्ग के तीन बच्चों को मौके पर मौजूद लोगों ने समय रहते बाहर निकाल लिया इसी बीच डूब रहे एक अन्य छात्र को बचाने के प्रयास में दो शिक्षक पानी में डूब गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौजूद लोगों ने तत्काल सभी को पानी से बाहर निकालकर सीपीआर देने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

एक गंभीर घायल बच्ची को पत्रकार दिलजीत सिंह मान और नवीन टाक ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल बाइक से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

पुलिस ने बचाए गए बच्चों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। इनमें एक छात्र और दो छात्राएं शामिल हैं।
वहीं पानी में डूबे तीनों लोगों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 52 वर्षीय शिक्षक विजय सिंह निवासी जावरा, 28 वर्षीय प्रिंस पिता करण निवासी जावरा और 15 वर्षीय हर्षित पाटीदार के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।एक जानकारी के अनुसार इस पिकनिक स्थल को शिव वॉटर पार्क के रूप में भी जाना जाता है तथा यहां प्राकृतिक सौंदर्य की प्रतीक हरियाली के साथ कुछ फिसलन भरे इलाके भी हैं
पुलिस और प्रशासन की टीम भी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।







