29वीं म.प्र. स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में रतलाम का दबदबा, एयर राइफल में प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया

इंदौर/रतलाम
इंदौर स्थित एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में 14 से 22 जुलाई 2026 तक मध्यप्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित 29वीं मध्यप्रदेश स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में रतलाम की Aimers Shooting Academy के निशानेबाज़ों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। अकादमी के खिलाड़ियों ने एयर राइफल स्पर्धा में पूरे मध्यप्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त करते हुए कुल 16 पदक (7 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य) अपने नाम किए।

प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण रतलाम जिले के धामनोद गांव के होनहार निशानेबाज भावेश राव रहे। सीमित संसाधनों वाले एक कृषक परिवार से आने वाले भावेश ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में 3 स्वर्ण एवं 2 रजत (कुल 5 पदक) जीतकर स्टेट चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
भावेश वर्तमान में Aimers Shooting Academy में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के NS-NIS पटियाला प्रमाणित कोच भूपेंद्र सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उनके पिता के अटूट विश्वास, परिवार के सहयोग और कोच के सही मार्गदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है।

अकादमी के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में अन्य खिलाड़ियों ने भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से अकादमी का मान बढ़ाया:
राजवर्धन सिंह राठौड़: 2 स्वर्ण, 2 रजत एवं 1 कांस्य पदक
धैर्य गोस्वामी: 2 स्वर्ण, 1 रजत एवं 1 कांस्य पदक
भाव्या जाट (महिला वर्ग): 2 कांस्य पदक
प्री-नेशनल प्रतियोगिता के लिए 6 खिलाड़ियों का चयन
पदक विजेताओं के अलावा अकादमी के अन्य निशानेबाज़ों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए आगामी प्री-नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया:
10 मीटर एयर राइफल: आदित्य घारू, स्नेहा मसीह, कीर्तिराज सिंह झाला एवं भाविन पाटीदार।
10 मीटर एयर पिस्टल: अनंता राठौड़ एवं रानी टांक (पैरा शूटर)।

खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अकादमी के अध्यक्ष सेवानिवृत्त ऑनरेरी सूबेदार मेजर भारत सिंह सिसोदिया, कोच भूपेन्द्र सिंह सिसोदिया, परिजनों एवं खेल प्रेमियों ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएँ दीं।
कोच भूपेन्द्र सिंह सिसोदिया ने कहा:
“यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। भावेश ने यह साबित कर दिया कि यदि मेहनत और परिवार का विश्वास साथ हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। हमारा लक्ष्य केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि ऐसे खिलाड़ी तैयार करना है जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रतलाम, मध्यप्रदेश और देश का नाम रोशन करें।”
भावेश के परिजनों ने भी कोच भूपेंद्र सिंह सिसोदिया एवं Aimers Shooting Academy का आभार व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







