राजगरे के लड्डू में कीड़े मिलने पर बवाल के बाद खाद्य विभाग ने किराना दुकानों का निरीक्षण किया

रतलाम जिले के आम्बा गांव में गणेश उत्सव के दौरान प्रसाद के रूप में बांटे जा रहे लड्डुओं में कीड़े मिलने पर हिंदूवादी संगठनों ने पुलिस थाना पर पहुंचकर दुकानदार के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर आक्रोश व्यक्त किया था।

जानकारी के अनुसार आंबा में रामदेवजी मंदिर के सामने गणेश उत्सव के लिए प्रसाद वितरण के लिए राजगरे के लड्डू सैलाना के किराना दुकान से खरीदे थे। आरती के बाद जैसे ही प्रसाद के रूप में लड्डुओं का वितरण शुरू हुआ, दो-चार लोगों को दिए गए लड्डुओं में कीड़े दिखाई दिए। इसके बाद वहां मौजूद लोग सैलाना आए और संबंधित दुकानदार के पास जाकर नाराजगी जताई। इस दौरान दुकान पर हंगामे की स्थिति भी बनी। बाद में बड़ी संख्या में लोग सैलाना थाने पहुंचे और देर रात तक हंगामा किया। तब अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ।

शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया की टीम ने शिकायत के आधार पर सैलाना में किराना दुकानदारों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए तथा दुकानदारो को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने ज़ाकिर हुसैन असगर अली किराना पंचेड़ वाले की दुकान का निरीक्षण किया। मौके पर शिकायत से संबंधित राजगीरा के लड्डू नहीं पाए गए। दुकान से भागर एवं फरियाली मिक्स आटा के नमूने लिए गए। साथ ही दुकान संचालक को सुधार का नोटिस जारी किया गया।
अधिकारियों ने एक अन्य दुकानदार मुल्ला अब्दे अली मुल्ला काला भाई महात्मा गांधी मार्ग सैलाना की दुकान से गुलाब जामुन मिक्स पैकेट का नमूना लिया गया। बादशाह जनरल स्टोर एंड किराना से अरिहंत टर्मरिक पाउडर का नमूना जांच के लिए लिया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया ने बताया कि लिए गए सभी खाद्य पदार्थों के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत जांच के लिए प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।







