अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने चार थाना क्षेत्रों की अपराध समीक्षा बैठक ली

SHARE:

कानून व्यवस्था,लंबित अपराध के शीघ्र निराकरण  को लेकर सख्त निर्देश दिए

रतलाम।  अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो ने  सैलाना अनुविभागीय पुलिस डिविजन के अंतर्गत आने वाले सभी पुलिस थानों एवं चौकियों की अपराध समीक्षा बैठक में कानून व्यवस्था, लंबित अपराधों और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों में घटित अपराधों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंट तामिली, अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही महिला संबंधी अपराधों, साइबर अपराधों तथा चोरी, लूट एवं अवैध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए, संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए तथा आमजन की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में पुलिस अधिकारियों को आगामी त्योहारों एवं आयोजनों को देखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश, रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र गडरिया, बाजना थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया, सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया सहित सैलाना अनुविभागीय पुलिस डिविजन के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों की अपराध स्थिति एवं की गई कार्रवाई की जानकारी भी प्रस्तुत की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पंद्रो ने बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना करते हुए पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं जनहितकारी बनाने पर जोर दिया।

News Mp 24
Author: News Mp 24