राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर
जिला प्रभारी सिकरवार और जिलाध्यक्ष गेहलोत सहित अन्य नेताओं ने बनाई रणनीति

सैलाना। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ विशाल कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम में जिले से अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर स्थानीय ओशिन परिसर में जिला कांग्रेस एवं ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस प्रभारी रामवीर सिंह सिकरवार एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत ने शिरकत की। बैठक के दौरान नेताओं ने आगामी कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का इंदौर में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण है और इसमें जिले के प्रत्येक ब्लॉक से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सहभागिता होनी चाहिए।बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की सहभागिता तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं को इंदौर ले जाने को लेकर चर्चा की गई। जिला कांग्रेस एवं ब्लॉक कांग्रेस संगठन को कार्यक्रम की जानकारी कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने तथा उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

इस दौरान जिला कांग्रेस कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ जिले के सभी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भी मौजूद रहे। बैठक में आगामी कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक संख्या में इंदौर पहुंचने का आह्वान किया।
बैठक में यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष निलेश शर्मा, शेखर गेहलोत, हनी गेहलोत, नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जगदीश कुमावत,पार्षद मंगलेश कसेरा,सुशील मांडोत सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के अनेक कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में कांग्रेस पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर जिलेभर में व्यापक संपर्क किया जाए तथा अधिक से अधिक संख्या में युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति इंदौर में सुनिश्चित की जाए।







