सैलाना विधानसभा क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सैलाना की बदहाल व्यवस्था को लेकर विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रतलाम को पत्र लिखकर स्वास्थ्य सेवाओं की अव्यवस्थाओं को तत्काल दूर करने की मांग की है।

डोडियार द्वारा लिखे पत्र में बताया गया कि अस्पताल में लगभग एक वर्ष से ईसीजी मशीन उपलब्ध नहीं है जिससे गंभीर मरीजों की प्राथमिक जांच भी समय पर नहीं हो पा रही है। गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को मजबूरन निजी जांच केंद्रों पर जाना पड़ रहा है।

हॉस्पिटल में टिटनेस इंजेक्शन, चिकित्सकों की कमी, आवश्यक दवाइयां, चिकित्सा उपकरणों की अनुपलब्धता से मरीज परेशान हैं।समय पर एंबुलेंस सेवा का लाभ भी मरीजों को नहीं मिल पाता है।

विधायक डोडियार ने मांग की है कि मामले को सामान्य प्रशासनिक शिकायत न मानकर जनहित में तत्काल नई ईसीजी मशीन उपलब्ध कराई जाए, टीटी इंजेक्शन सहित सभी जीवनरक्षक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया जाए, रिक्त पदों पर पर्याप्त डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की पदस्थापना की जाए, पैथोलॉजी जांच को नियमित किया जाए और एंबुलेंस सेवा में सुधार के साथ परिसर की नियमित साफ-सफाई कराई जाए।







