बुधवार को निकलने वाली तिरंगा जागरूकता रैली की तैयारियों को लेकर SDM सुनील जायसवाल ने बैठक लेकर दिशा निर्देश दिए

सैलाना। रतलाम जिले कै सैलाना नगर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा जागरूकता रैली को लेकर मंगलवार को जनपद पंचायत सैलाना के सभागृह में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुनील कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पत्रकार, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में रैली के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर निर्णय लिए गए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 अगस्त 2026 को तिरंगा जागरूकता रैली सांदीपनी विद्यालय में दोपहर 12:30 बजे सभी विभागों की उपस्थिति सुनिश्चित होने के बाद रैली दोपहर 1 बजे सांदीपनी विद्यालय से प्रारंभ होकर घंटाघर, सदर बाजार, मुख्य बाजार, राजवाड़ा चौक शेख जी का मोहल्ला, देवरी चौक,मेहरू मार्ग, होते हुए बस स्टैंड पहुंचेगी, जहां राष्ट्रगान के उपरांत रैली का समापन किया जाएगा।
रैली में सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के साथ कक्षा 11वीं, 12वीं एवं कॉलेज के विद्यार्थी शामिल होंगे। रैली में मुख्य बड़े झंडे के साथ अन्य कर्मचारियों के लिए 100 झंडों की व्यवस्था नगर परिषद सैलाना द्वारा की जाएगी। झंडे कटे-फटे न हों तथा साफ-सुथरे हों, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
रैली में बैंड की व्यवस्था नगर परिषद सैलाना द्वारा की जाएगी तथा बैंड द्वारा राष्ट्रीय धुन बजाई जाएगी। रैली मार्ग पर पशुओं से सुरक्षा की उचित व्यवस्था भी नगर परिषद द्वारा की जाएगी।
रैली के कार्यक्रम प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी सैलाना रहेंगे। वहीं थाना प्रभारी पुलिस थाना सैलाना को रैली के प्रारंभ स्थल से समापन स्थल तक आवश्यक सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में रैली का मुख्य उद्देश्य जनजागरूकता एवं “हर घर तिरंगा” अभियान को बढ़ावा देना बताया गया
एसडीएम ने बीईओ जीआर डडिंग को तिरंगा रैली का यात्रा प्रभारी बनाया है।बैठक में पूर्व विधायक संगीता चारेल, एसडीएम सुनील जायसवाल, तहसीलदार मनीष जैन, जनपद सीईओ रिया गेरा, प्राचार्य गिरीश सारस्वत, साधना चौहान, वीरेंद्र मिंडा, राजस्व निरीक्षक कोमल चारेल, भीम सिंह लहरी, प्रो. बालकृष्ण चौहान सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






