
रतलाम जिले की सैलाना विधान सभा क्षेत्र की बाजना जनपद की ग्राम पंचायत मरगुल के भाजपा समर्थित सरपंच राकेश मईडा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर भारत आदिवासी पार्टी (BAP) का दामन थाम लिया। इस अवसर पर सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मईड़ा को पार्टी का दुपट्टा डालकर भारत आदिवासी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाई।
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि मरगुल पंचायत सहित क्षेत्र के सभी गांवों की मूलभूत समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिजली, सड़क और पानी जैसी आवश्यक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को हल करने का प्रयास किया जाएगा।सरपंच राकेश मईडा ने विधायक डोडियार को पंचायत क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इस पर विधायक ने बताया कि मरगुल पंचायत के अंतर्गत मरगुल, दौलतपुरा, डूडी, खेरियारूडी, खेरियापाड़ा, हवारुंडी और सागला का माल सहित सात गांव आते हैं, जहां जामड़ नदी पर डैम निर्माण की योजना बनाई जा सकती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस योजना को प्रस्तावित कर आगे बढ़ाया जाएगा।






