मिठाई खाने के बाद मासूम की इलाज के दौरान मौत पति पत्नी बीमार खाद्य विभाग की टीम ने की कार्यवाही

SHARE:

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने देवश्री नमकीन भंडार का निरीक्षण कर मिठाई एवं लौंग सेव के नमूने लिए

खाद्य सामग्री का निरीक्षण करते अधिकारी ज्योति बघेल

मिठाई खाने के बाद तबियत बिगड़ने और उपचार के दौरान ढाई वर्षीय मासूम की मौत से उपजे विवाद पश्चात खाद्य विभाग की टीम ने दुकान से खाद्य सामग्री के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे
रतलाम जिले में जावरा के समीप रिंगनोद थाना क्षेत्र के बिनौली निवासी ईश्वर गोस्वामी द्वारा जावरा के पुरानी धानमंडी स्थित देवश्री नमकीन भंडार से मिठाई खरीदी थी।

जिसे खाने के बाद परिवार के तीन सदस्यों की तबियत बिगड़ गई इसी बीच इलाज के दौरान ढाई वर्षीय आर्यन गोस्वामी की मौत हो गई।घटना के बाद ग्रामीणों ने देवश्री नमकीन पर हंगामा खड़ा करते हुए खराब मिठाई देने का आरोप लगाया था।पूरे घटना क्रम के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल द्वारा जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से जावरा स्थित देवश्री नमकीन भंडार, पुरानी धान मंडी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विक्रय के लिए संग्रहित एवं प्रदर्शित मिठाई तथा लौंग सेव के नमूने जांच के लिए लिए गए।


निरीक्षण के दौरान फर्म के प्रोपराइटर सत्यनारायण अग्रवाल, पिता चांदमल अग्रवाल मौके पर उपस्थित थे। प्रतिष्ठान में मावा एवं शक्कर से निर्मित लगभग 5 किलोग्राम मिठाई निर्माण स्थल पर संग्रहित पाई गई। उक्त मिठाई एवं लौंग सेव के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालक को साफ-सफाई, खाद्य पंजीयन का प्रदर्शन, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट तथा पेस्ट कंट्रोल संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

News Mp 24
Author: News Mp 24