वर्षा की लंबी खेंच से चिंतित सर्व समाज ने आज उज्जयिनी मनाई,बाबा महाकाल का जलाभिषेक कर पानी में डुबोया वही बोहरा समाज ने अलम निकालकर भरपूर बारिश के लिए दुआ कि तब जाकर इंद्रदेव पसीजे और बीती रात आगमन के संकेत देने के बाद आमजन ने राहत की साँस ली

रतलाम जिले के सैलाना नगर सहित अंचल में इस वर्ष मानसूनी बारिश बेहद कम होने से फसलों की स्थिति नाजुक हो गई किसान सोयाबीन, मक्का, कपास सहित अन्य फसलों को लेकर चिंतित हो गया।

सर्वसमाज के आह्वान पर शनिवार को सैलाना में उज्जयिनी मनाई बाजार पूरी तरह बंद रखकर जंगल में दाल बाटी चूरमे का भोग लगा कर बेहतर बारिश की कामना की।नगर के प्राचीन नीलकंठेश्वर महादेव, कल्याण केदारेश्वर महादेव सहित अनेक स्थानों पर बाबा महाकाल को जलाभिषेक कर पानी में डुबोया गया और अपने-अपने इष्टदेव को भोग लगाकर क्षेत्र में भरपूर बारिश की कामना की।

इधर बोहरा समाज द्वारा भी अलम निकालकर बारिश के लिए विशेष दुआ की गई |बोहरा समाज के प्रवक्ता बुरहान लुकमानी ने बताया कि शनिवार को समाज द्वारा अलम निकाला गया, जो बोहरा मस्जिद से प्रारंभ होकर राजवाड़ा एवं सदर बाजार होते हुए मुफद्दल बाग पहुंचा। अलम के साथ बोहरा समाज के आमिल मुल्ला हुसैन भाई के नेतृत्व में समाजजन इल्तिजा पढ़ते हुए चल रहे थे।

मुफद्दल बाग पहुंचने के बाद दरिस पढ़ी गई। इस दौरान इमाम हुसैन को याद कर मातम किया गया तथा उनके वसीले से क्षेत्र में भरपूर बारिश के लिए विशेष दुआ मांगी गई। इस अवसर पर शेख हैदर अली, शेख मुस्तनसिर, सेक्रेटरी खोजेमा मजाकी, हुसैन खुर्शीद भाई सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। अलम में युवाओं के साथ वरिष्ठजन एवं बच्चे भी शामिल हुए।







