अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई सैलाना, सरवन व जावरा ग्रामीण क्षेत्रों में दबिश; 15 हजार से अधिक की मदिरा जब्त, 5 प्रकरण दर्ज

सैलाना। आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विक्रय एवं निर्माण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को आबकारी विभाग वृत सैलाना एवं जावरा अंतर्गत सैलाना, सरवन तथा जावरा ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न गांवों में अवैध शराब विक्रेताओं के ठिकानों पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा जब्त की गई।
कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त विकास मंडलोई के मार्गदर्शन में तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोहर खरे के नेतृत्व में गठित टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों में कार्रवाई की। आबकारी उपनिरीक्षक सचिन भास्करे एवं संतोष मंडलोई की टीम ने जावरा ग्रामीण, सैलाना, सरवन, चावड़ा खेड़ी तथा अमरगढ़ में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर तलाशी ली।

कार्रवाई के दौरान टीम ने 25 पाव देशी मदिरा प्लेन, 58 केन बीयर तथा 26 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की। जब्त मदिरा की कुल अनुमानित कीमत करीब 15,220 रुपये बताई गई है। मामले में आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क के तहत कुल 5 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।

-कार्रवाई में यह टीम रही शामिल
कार्रवाई के दौरान आबकारी उपनिरीक्षक पुष्पराज चौहान, ओमप्रकाश मालवीय, प्रधान आरक्षक रामचरण पवार, विक्टोरिया बोरासी, बनसिंह अहीरे, आरक्षक वरूण चौहान, पुष्पा मीणा तथा नगर सैनिक चेतराम सहित आबकारी विभाग का अमला मौजूद रहा।
आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।







