प्रदेश के मुख्यमंत्री खाचरौद के छोटा चिरोला घाट स्थित घाट पर पहुंचे यहां भगवान शिव की पूजा अर्चना कर अभिषेक किया तथा प्रदेश में सुख समृद्धि की कामना की।

उज्जैन जिले के खाचरौद क्षेत्र के छोटा चिरोला स्थित घाट आश्रम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आश्रम में भगवान शिव का पुष्पाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आश्रम के पूज्य स्वामी सच्चिदानंद जी महाराज को नमन किया तथा रक्षाबंधन के पावन पर्व की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री के खाचरौद आगमन के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष गोविन्द भरावा ने खाचरौद नगर के विकास से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण मांगों को लेकर मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव को 20 करोड़ रुपये का मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में मुख्य रूप से दो प्रमुख विकास कार्यों की मांग रखी गई।
खाचरौद नगर के अति प्राचीन एवं जन-जन की आस्था के केंद्र श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर में उज्जैन की तर्ज पर ‘श्री नीलकंठ लोक’ विकसित करने के लिए 5 करोड़ रुपये तथा
नगर के प्रमुख मार्गों रेलवे स्टेशन से पुराना बस स्टैंड, रतलाम रोड से खारी-मीठी बावड़ी, नए बस स्टैंड से नागदा रोड बायपास तथा बड़नगर रोड से निजानंद धाम आश्रम चिरोला फंटा तक डिवाइडर निर्माण एवं सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए 15 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने की मांग रखी गई।
नगर पालिका अध्यक्ष गोविन्द भरावा ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खाचरौद नगर के विकास को लेकर हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।

मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद नगरवासियों में विकास कार्यों को लेकर उम्मीद जगी है। अब नगरवासियों की निगाहें इन विकास कार्यों की स्वीकृति और उनके धरातल पर शुरू होने पर टिकी हैं।
खाचरोद से गिरधारी गेहलोत की खास रिपोर्ट







