छात्राओं ने लगाया छात्रावास में अनियमितता का आरोप विभागीय टीम जांच के लिए पहुंची

SHARE:

रावटी के नेताजी सुभाष चन्द्र बोस बालिका छात्रावास में अनियमितताओं की शिकायत के बाद निरीक्षण करने पहुंची टीम


रतलाम जिले के रावटी स्थित नेताजी सुभाष चन्द्र बोस बालिका छात्रावास में अनियमितता के साथ
छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों, जर्जर भवन की स्थिति के कारण छात्रावास चार दिनों से बंद होने के मामले में शिकायत सामने आने के बाद जिला शिक्षा केंद्र के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
पत्र में छात्राओं द्वारा छात्रावास अधीक्षिका पर आरोप लगाते हुए बताया गया कि एक माह बीत जाने के बाद भी उन्हें शासन द्वारा मिलने वाला तेल, साबुन और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई। यह भी आरोप लगाया कि छात्रावास में प्रतिदिन मिलने वाला दूध, सब्जी भी सीमित मात्रा में दी जाती है। पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से सप्ताह में केवल दो बार टैंकर बुलाया जाता है।


छात्राओं ने आरोप लगाया कि टैंकर के लिए उनसे 300 रुपये तक लिए गए, जबकि नियमित स्नान करने पर घर से पैसे लाने की बात कही जाती थी।
जब छात्राएं मूलभूत सुविधाओं की मांग करती थीं तो उन्हें यह कहकर टाल दिया जाता था कि सरकार पर्याप्त बजट नहीं देती। इतना ही नहीं, छात्राओं का आरोप है कि शिकायत करने या अपने अभिभावकों को वास्तविक स्थिति बताने पर उन्हें एसएलसी दिलाने की धमकी तक दी जाती थी।
लगातार बारिश के कारण भवन की छत से पानी टपकने, दीवारों और छत से कांच गिरने तथा भवन के असुरक्षित होने की शिकायतें सामने आईं।
जानकारी के अनुसार सुरक्षा को देखते हुए छात्राओं को चार दिन पहले घर भेज दिया गया और तब से छात्रावास पूरी तरह बंद पड़ा है। इससे छात्राओं की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

जानकारी मिलने पर जिला शिक्षा समिति, अध्यक्ष केशु निनामा जिला शिक्षा केंद्र के समन्वयक अखिलेश राजपूत ने एपीसी मुकेश राठौर, जन शिक्षक धर्मेन्द्र सिंह राठौर, छात्रावास अधीक्षक नवीन बोरिया तथा प्राचार्य अमरसिंह भूरिया के साथ छात्रावास का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान छात्राओं, अभिभावकों तथा नागरिकों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के बाद क्षतिग्रस्त भवन में छात्राओं को नहीं रखने का निर्णय लेते हुए छात्रावास को पूर्व कन्या हाई स्कूल, रावटी भवन में संचालित करने के निर्देश जारी किए गए।

News Mp 24
Author: News Mp 24