संगीत गुरु दुर्गेश शर्मा डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन उत्कृष्ट अवार्ड 2026 से सम्मानित

SHARE:

संगीत गुरु दुर्गेश शर्मा राष्ट्रीय “डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन उत्कृष्ट शिक्षक अवार्ड 2026” से सम्मानित

जबलपुर। नर्मदापुरम जिले के पिपरिया निवासी प्रसिद्ध संगीत गुरु एवं कलाकार दुर्गेश शर्मा (संचालक, संगीत कला निकेतन म्यूजिक एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स स्कूल, पिपरिया) को राष्ट्रीय “डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन टीचर्स प्राइड अवार्ड 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान दैनिक डिजिटल भारत इंडिया एवं टेम्पटेशन इवेंट्स ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में जबलपुर स्थित शहीद स्मारक ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया।

इस राष्ट्रीय समारोह में मध्य प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए 100 से अधिक उत्कृष्ट शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जबलपुर लोकसभा सांसद डॉ. आशीष दुबे, नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के चेयरमैन डॉ. पी.के. दुबे, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एडवोकेट मनीष मिश्रा, जबलपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष प्रेम दुबे, श्रमजीवी पत्रकारिता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमानंद तिवारी तथा राष्ट्रीय संयोजक नलिनीकांत वाजपेयी सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह की मुख्य आयोजक एवं डिजिटल भारत इंडिया की प्रतिनिधि लवली चौकसे ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल शिक्षकों का सम्मान करना नहीं, बल्कि उन्हें एक ऐसा साझा मंच प्रदान करना है जहाँ वे बदलते शिक्षा परिदृश्य, नई तकनीकों और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से परिचित होकर अपने अनुभवों का आदान-प्रदान कर सकें।

दुर्गेश शर्मा पिछले 12 वर्षों से संगीत शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट एवं आधुनिक प्रयास कर रहे हैं। उनके द्वारा संचालित मान्यता प्राप्त संगीत कला निकेतन म्यूजिक एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स स्कूल, पिपरिया पिछले 10 वर्षों से गायन, वादन एवं नृत्य के क्षेत्र में अनेक प्रतिभाशाली कलाकार तैयार कर रहा है। दुर्गेश शर्मा के अनुसार वे अब तक 1000 से अधिक विद्यार्थियों को संगीत शिक्षा प्रदान कर चुके हैं तथा लगभग 10 वर्षों तक विभिन्न निजी विद्यालयों में भी अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान संगीत शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।

दुर्गेश शर्मा एक प्रतिष्ठित गायक एवं बांसुरी वादक भी हैं। वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके हैं तथा अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित हो चुके हैं। वर्तमान में भी वे एक पेशेवर कलाकार के रूप में देश के विभिन्न मंचों पर अपनी प्रस्तुतियाँ दे रहे हैं।

इस उपलब्धि पर दुर्गेश शर्मा ने अपने सभी गुरुजनों, माता-पिता एवं इष्ट मित्रों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा, आशीर्वाद और सहयोग ने उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान की है।

पिपरिया एवं नर्मदापुरम जिले के लिए यह उपलब्धि गर्व का विषय है। इस सम्मान पर उनके गुरुजनों, विद्यार्थियों, मित्रों, शुभचिंतकों तथा क्षेत्रवासियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।

News Mp 24
Author: News Mp 24