पुरानी रंजिश को लेकर
किराना व्यापारी के साथ पाइप और लट्ठ से मारपीट रतलाम शहर में किराना व्यापारी के साथ मारपीट का बड़ा मामला सामने आया है।

रतलाम शहर के कंवरराम सिंधु नगर निवासी 44 वर्षीय किराना व्यापारी सुरेश पोपटानी पिता काशीराम पोपटानी दोपहर के वक्त घर से दुकान जा रहे थे तभी कॉमर्स कॉलेज के सामने तीन बाइक सवारों ने उसे घेरकर रोक लिया। एक बदमाश ने लोहे के पाइप से हमला किया जिससे दोनों पैरों में घुटनों के नीचे चोट आई, वहीं दूसरे ने लट्ठ से मारा। इसके बाद साथियों ने लात-घूंसों से पीटा। शोर सुनकर एक महिला ने आवाज लगाई तो तलवार लेकर आ रहा एक युवक मौके से भाग निकला। मारपीट में व्यापारी की सोने की चेन भी गिर गई।

हमले में व्यापारी के पीठ, कंधे और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भागे। मामले में घायल सुरेश ने विनोद करमचंदानी, कमलेश करमचंदानी और मुकेश गुरनानी पर शंका जताई है।
बताया जा रहा है कि एक वर्ष पूर्व कालोनी के चुनाव से ही उक्त व्यक्तियों से विवाद चल रहा था।हालांकि इस मामले में विनोद करम चंदानी ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह सप्ताह भर से बाहर थे और मुझे घटना के बारे में सोशल मीडिया पर पता चला है।
औद्योगिक थाना क्षेत्र पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।









