ग्रामीण अंचल में अवैध मादक पदार्थ पर शिकंजा कसने के लिए बाजना-शिवगढ़ क्षेत्र में आबकारी विभाग की टीम ने दबिश देकर 2 हजार किलो महुआ लहान जप्त किया

मौके पर निरीक्षण करती आबकारी टीम
सैलाना। जिले के सैलाना वृत्त अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र बाजना एवं शिवगढ़ में अवैध मदिरा विक्रेताओं के विरुद्ध आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्यवाही करते हुए खेरदा, पीपलीपाड़ा, नयाखेड़ा तथा बाजना में दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा एवं महुआ लहान जब्त किया।

सहायक आबकारी आयुक्त विकास मण्डलोई के मार्गदर्शन एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोहर खरे के नेतृत्व में गठित टीम ने आबकारी उपनिरीक्षक सचिन भास्करे के साथ टीम द्वारा तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 50 लीटर हाथ भट्टी मदिरा, 20 पाव देशी मदिरा प्लेन तथा 2 हजार किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया गया।

अवैध मदिरा एवं महुआ लहान की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 11 हजार 520 रुपए बताई गई है। मामले में आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क एवं च के तहत कुल 5 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक पुष्पराज चौहान एवं प्रधान आरक्षक रामचरण पवार भी शामिल रहे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।









